
मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) की स्वामित्व वाली रिलायंस इंजस्ट्रीज (RIL) फ्यूचर ग्रुप (Future group) का अधिग्रहण करने की तैयारी में है। अनुमान लगाया जा रहा है कि रिलायंस इंडस्ट्रीज 23 हजार से लेकर 27 हजार करोड़ में Future group के रिटेल और लाइफस्टाइल बिजनेस को खरीद सकती है। जल्द ही इस डील के फाइनल होने की संभावना है।
लेकिन, इस अधिग्रहण में सबसे बड़ी बाधा फ्यूचर ग्रुप के मालिक किशोर बियानी (Kishore Biyani) द्वारा लिया गया व्यक्तिगत कर्ज है। किशोर बियानी ने 2000 करोड़ रुपये का कर्ज अपनी पर्सनल कैपिसिटी (personal capacity) पर लिया हुआ है। मिंट की खबर के मुताबिक, इस डील से जुड़े दो लोगों ने बताया कि पिछले 30 जुलाई को ही यह डील फाइनल होनी थी, लेकिन किशोर बियानी द्वारा लिए गए कर्ज के मुद्दे पर फ्यूचर ग्रुप के अधिग्रहण का फैसला फिलहाल टल गया है। जैसे ही किशोर बियानी द्वारा लिए गए कर्ज पर कोई फैसला हो जाएगा, उसके 10 दिन के भीतर ही Reliance industries फ्यूचर ग्रुप का अधिग्रहण कर लेगी।
फ्यूचर ग्रुप पर 12,778 करोड़ का कर्ज
30 सितंबर, 2019 के आंकड़ों के मुताबिक, फ्यूचर ग्रुप पर 12,778 करोड़ रुपये का कर्ज है। सूत्रों ने बताया कि अधिग्रहण के बाद इस कर्ज की देनदार रिलायंस इंडस्ट्रीज होगी। वहीं, किशोर बियानी की बात करें तो फ्यूचर लाइफस्टाइल में उनकी 46% हिस्सेदारी पूरी तरह से गिरवी पड़ी है और फ्यूचर रिटेल में भी उनकी 42% हिस्सेदारी का तीन-चौथाई हिस्सा गिरवी है।